राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव पुलिस ने साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए अवैध तरीके से सिम कार्ड जारी कर देशभर में ऑनलाइन ठगी को बढ़ावा देने वाले आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई साइबर माफिया के खिलाफ करारा वार साबित हुई है।
थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंद किशोर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संतोष कुमार देवांगन (निवासी दुर्गा टाकीज के पीछे, वार्ड क्रमांक 39, राजनांदगांव) को गिरफ्तार किया। आरोपी महावीर चौक स्थित एक संचार केंद्र में प्वाइंट ऑफ सेल (POS) के रूप में कार्यरत था और अवैध तरीके से सिम जारी कर साइबर ठगों तक पहुंचा रहा था।
15 सिम कार्ड, 32 ठगी के मामले, 11 राज्यों में नेटवर्क!
पुलिस जांच में सामने आया कि, आरोपी द्वारा जारी किए गए 15 सिम कार्डों का उपयोग देश के विभिन्न राज्यों आंध्रप्रदेश, बिहार, केरल, मध्यप्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, कर्नाटक, महाराष्ट्र एवं तेलंगाना में कुल 32 ऑनलाइन ठगी प्रकरणों में किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, सायबर अपराध में सहयोग करने या किसी भी प्रकार की संलिप्तता पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अवैध सिम जारी करने वाले, ठगी में सहयोग करने वाले एवं ऐसे नेटवर्क से जुड़े सभी तत्वों पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft