Saturday ,March 07, 2026
होमदेश-दुनियाअनिल अंबानी की RCOM से जुड़े ठिकानों पर ED की बड़ी छापेमारी, 40,000 करोड़ के कथित बैंक फ्रॉड की जांच तेज...

अनिल अंबानी की RCOM से जुड़े ठिकानों पर ED की बड़ी छापेमारी, 40,000 करोड़ के कथित बैंक फ्रॉड की जांच तेज

 Newsbaji  |  Mar 06, 2026 10:11 AM  | 
Last Updated : Mar 06, 2026 10:11 AM
अनिल अंबानी की RCOM से जुड़े ठिकानों पर ED की छापेमारी
अनिल अंबानी की RCOM से जुड़े ठिकानों पर ED की छापेमारी

मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCOM) और उससे जुड़ी कंपनियों के ठिकानों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, मुंबई में करीब 10 से 12 स्थानों पर ED की लगभग 15 टीमों ने एक साथ रेड डाली है। यह कार्रवाई बैंक फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पुराने मामलों की जांच को आगे बढ़ाने के तहत की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ED ने RCOM के पूर्व निदेशकों, सहयोगियों और संबंधित व्यक्तियों के घरों और दफ्तरों पर छापेमारी की है। यह पूरा मामला RCOM से जुड़े करीब 40,000 करोड़ रुपए से अधिक के कथित बैंक फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित है।

सूत्रों का कहना है कि, छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और अन्य महत्वपूर्ण सबूत जुटा रही है। इससे पहले भी ED ने अनिल अंबानी से कई बार पूछताछ की थी। फरवरी 2026 में उनसे लगभग 9 घंटे तक पूछताछ की गई थी।

गौरतलब है कि, ED पहले ही अनिल अंबानी के मुंबई स्थित लग्जरी घर ‘अबोड’ को 3,716 करोड़ रुपए की कीमत पर अटैच कर चुकी है। इसके अलावा एजेंसी अब तक 15,000 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्तियां अटैच कर चुकी है। जांच में यस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित कई बैंकों से लिए गए कर्ज के कथित दुरुपयोग और फंड डायवर्जन के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

रिलायंस कम्युनिकेशंस पहले से ही दिवालिया प्रक्रिया से गुजर रही है और कंपनी वर्ष 2019 से कई कानूनी मामलों में उलझी हुई है। अनिल अंबानी समूह की अन्य कंपनियां, जैसे रिलायंस होम फाइनेंस और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस भी जांच एजेंसियों के दायरे में हैं।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हालांकि अनिल अंबानी समूह की कंपनियां इन आरोपों से लगातार इनकार करती रही हैं और उनका कहना है कि, वे जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रही हैं। फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है और ED की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft