बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिसमें पत्नी ने अपनी पति की हत्या की सुपारी किलर से 40 हजार रुपए देकर करवा दी। फिलहाल, इस पूरी वारदात को अंजाम देने में शामिल पत्नी सहित 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विवेचना में जुट गई है।
वारदात की पूरी कहानी
जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 जनवरी 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे की है, जहां हथबंद थाना पुलिस को सूचना मिलती है कि, मजगांव के पास रेलवे लाइन पर एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। पुलिस जब मौके पर पहुंचती है, तो रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा शव बिना सिर का था। गला धारदार हथियार से कटा हुआ था। शुरुआती जांच में ही साफ हो गया था, कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित तरीके से हत्या का मामला है। शव के पास कोई पहचान पत्र मौजूद नहीं था। मृतक ने हल्के नीले रंग की जींस पहनी हुई थी और उसके दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में उसका नाम GK.JOSHI गुदा हुआ था।
पुलिस के सामने पहचान के रुप में मात्र मृतक के हाथ में लिखा नाम GK.JOSHI ही एकमात्र सुराग सामने था। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी कि शव का सिर कहां से ढूंढा जाए और उसकी पहचान कैसे हो पाए। करीब 80 पुलिसकर्मियों की टीम ने कई किमी तक के क्षेत्र को छान मारा, लेकिन सिर नहीं मिला। इससे यह साफ हो गया कि आरोपियों ने सिर को कहीं और जानबूझकर छिपाया है।
इस तरह से हुआ खुलासा
तकनीकी और खुफिया तंत्र के साथ सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स में शव का हुलिया साझा किया गया। साथ ही साइबर सेल ने घटनास्थल के आसपास के मोबाइल डेटा और CCTV फुटेज को खंगाला। लगातार 4 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली। शव की पहचान गैस कुमार जोशी के रुप में हुई, जो भोथीडीह गांव, जिला बेमेतरा का रहने वाला था। पहचान होते ही पुलिस की जांच एक नई दिशा में बढ़ने लगी।
संदेहियों से पुलिस ने जब पूछताछ शुरु की तो, चौकाने वाला खुलासा हुआ। इस वारदात के पीछे मृतक की पत्नी कुसुम जोशी थी , जो अपने पति से लगातार झगड़े, मारपीट और अमानवीय व्यवहार से परेशान थी। इसी तनाव और नाराज़गी ने हत्या की साजिश को जन्म दिया। पत्नी ने अपने मामा राजेश भारती और 2 सुपारी किलर्स, दारासिंह अनंत और करन अनंत के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और फिर 40 हजार रुपए में किलर्स को घटना को अंजाम देने की बात तय हुई।
खौफनाक हत्या की साजिश
बताया जा रहा कि, पार्टी के बहाने पति को बुलाया गया और पहले से रची गई साजिश पर काम शुरू हुआ। रात के समय पति को शराब पिलाई गई। नशे की हालत में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे कार में डालकर मजगांव गांव के रेलवे लाइन की ओर ले गए। रेलवे लाइन के पास धारदार तलवार से गैस कुमार जोशी का गला काट दिया। पहचान छिपाने के इरादे से सिर को धड़ से अलग कर दिया। हत्या के बाद धड़ को रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया। वहीं सिर को डिग्गी गांव में गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया।
बहरहाल, पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में उपयोग की गई कार, धारदार तलवार, मोबाइल फोन और अन्य सामाग्री को बरामद कर लिया है। इस अंधेक़त्ल का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम देने की घोषणा की गई है।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft