Saturday ,March 07, 2026
होमजुर्मरायगढ़ पुलिस का एक्शन, हाईवा से डीजल चोरी कर चालक से लूट करने वाले गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार...

रायगढ़ पुलिस का एक्शन, हाईवा से डीजल चोरी कर चालक से लूट करने वाले गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

 Newsbaji  |  Mar 05, 2026 05:49 PM  | 
Last Updated : Mar 05, 2026 05:49 PM
हाईवा से डीजल चोरी व लूट मामले में तमनार पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
हाईवा से डीजल चोरी व लूट मामले में तमनार पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में हाईवा वाहनों से डीजल चोरी कर चालक से मारपीट व लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन सहित 170 लीटर डीजल और अन्य सामान बरामद किया गया है।

डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश
पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार, थाना तमनार ने हाईवा वाहनों से डीजल चोरी कर चालक से मारपीट और नगदी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन (CG-13 AZ 2647), लगभग 170 लीटर डीजल, लूटी गई नगदी तथा लोहे का रॉड, डंडा और पाइप जप्त किया है। जप्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 980 रुपए आंकी गई है।

जानिए पूरी कहानी
प्रार्थी मुकेश यादव, निवासी ग्राम धनवाही, जिला उमरिया (म.प्र.), ने 3 मार्च को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि, 2 मार्च की रात वह भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में अपने हाईवा नंबर CG-10 BK 9082 में सो रहे थे। रात लगभग 3 से 3:30 बजे के बीच आवाज सुनकर नीचे उतरे तो 3 अज्ञात व्यक्ति उनके वाहन से डीजल चोरी करते मिले।

चालक के विरोध करने पर आरोपी पहले भागे, फिर वापस आकर मोबाइल और पैसे की मांग करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर उनकी जेब में नगदी रुपए लूट लिए और अन्य खड़े हाईवा वाहनों से भी डीजल चोरी की। आरोपी लगभग 175 लीटर डीजल चोरी कर स्कॉर्पियो वाहन से सराईडीपा की ओर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी
इस मामले में कैलाश दास मंहत, गोविन्द सिदार और सुनील यादव, जो निवासी ग्राम चितवाही, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। 

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि, "रायगढ़ जिले में चोरी, लूटपाट और डीजल चोरी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस की कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों में इस प्रकार के अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।"

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft