रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है, जहां, क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान जिले में ऑनलाइन सट्टे का बड़ा खुलासा हुआ है। कोलकाता से संचालित हो रहे अंतरराज्यीय नेटवर्क पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 5 सटोरियों समेत 2 अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है। करोड़ों रुपए के दांव, 25 मोबाइल और हाईटेक गैजेट्स बरामद किए गए हैं।
पहले की कार्रवाई
दरअसल, 23 अप्रैल 2025 को कोतवाली एवं साइबर सेल की टीम ने गांजा चौक पर रेड कर अमित अग्रवाल को क्रिकेट सट्टा नोट करते हुए पकड़ा था। उसके कब्जे से एक आसमानी रंग का विवो एंड्रॉयड मोबाइल तथा 500 रुपए के 240 नोट (कुल 1,20,000) जप्त किए गए थे। इस संबंध में अपराध तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद, मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर एवं मोहम्मद फारूक की संलिप्तता पाई गई थी, जो फरार थे। इनके विरुद्ध फरारी में चालान पेश कर न्यायालय से स्थायी वारंट जारी कराया गया था।
इसी प्रकार 22 अप्रैल 2025 को चक्रधरनगर पुलिस एवं साइबर सेल ने डिग्री कॉलेज सब्जी मंडी के पास ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए अंकित बानी (निवासी गांजा चौक बहिदारपारा) एवं भरत कुमार रोहिला (निवासी हटरी चौक दानीपारा) को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उन्होंने अन्य साथियों साहबाज, मजहर, फारख, मन्नू उर्फ एजाज अहमद, धर्मेंद्र शर्मा, मोनू भूटानी एवं अमित अग्रवाल के साथ मिलकर मोबाइल लिंक के माध्यम से छत्तीसगढ़ और कोलकाता से ऑनलाइन सट्टा संचालन करने की जानकारी दी थी।
कोलकाता में बड़ी कार्रवाई
विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि, फरार आरोपी कोलकाता से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। इस सूचना पर साइबर थाना, चक्रधरनगर एवं कोतवाली की संयुक्त टीम को कोलकाता रवाना किया गया। पुलिस टीम ने हावड़ा के एक होटल में दबिश देकर स्थायी वारंटी धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद, मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूक, रोहित बुटानी सहित दो अन्य व्यक्तियों अंकित सराफ एवं अजीत विश्वास को गिरफ्तार किया है।
भारी मात्रा में सामग्री जप्त
आरोपियों के कमरे से ऑनलाइन सट्टा संचालन से संबंधित सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, वे मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर ‘JMD क्रिकेट बेटिंग’ एप पर सट्टा लगवाते थे और पूरा नेटवर्क ऑनलाइन संचालित होता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, 25 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, 3 लैपटॉप, एक कैलकुलेटर तथा सट्टा संबंधित हिसाब-किताब की डायरी जप्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले एक माह में करोड़ों रुपए का सट्टा दांव पर लगाया गया था।

"SSP शशि मोहन सिंह", ने बताया कि क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पुलिस की लगातार नजर थी। विश्वसनीय सूचना के आधार पर संयुक्त टीम को कोलकाता रवाना किया गया, जहां से अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिले में जुआ-सट्टा जैसे अवैध कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft