सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, बताया जा रहा कि, जिले के तिवरागुड़ी गांव में मूंगफली खाने को लेकर विवाद हो गया, झगड़ा इतना बढ़ गया कि, बोलेरो सवार ने बाइक से घर लौट रहे पिता और दो पुत्रों को कुचल दिया। हादसे में पिता और बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल है।
पहले ही दे चुके थे धमकी
मिली जानकारी के मुताबिक, तिवरागुड़ी निवासी त्रिवेणी रवि ने अपने खेत में मूंगफली की फसल बोई थी। सोमवार शाम को उसका छोटा बेटा करण रवि खेत की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान रिश्तेदार नर्मदा सोनवानी और उसके बेटे बोलेरो से पहुंचे और करण पर मूंगफली उखाड़कर खाने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ा तो करण की पिटाई की गई, मोबाइल तोड़ा गया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
बीच-बचाव के लिए पहुंचे पिता त्रिवेणी रवि और बड़े बेटे राजा बाबू के साथ भी मारपीट हुई। तीनों घायल हो गए और उन्होंने थाने जाकर शिकायत दर्ज करानी चाही। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लाई, मगर कार्रवाई करने के बजाय समझाइश देकर छोड़ दिया। इस दौरान आरोपियों ने थाने में ही बोलेरो से कुचलने की धमकी दी थी।
घटना को दिया अंजाम, पुलिस लापरवाह
बताया जा रहा कि, रात को त्रिवेणी रवि और उसके दोनों बेटे थाने से घर लौट रहे थे। नकना चौक के पास बोलेरो सवार आरोपी पहले से घात लगाए बैठे थे। उन्होंने बाइक पर सवार पिता-पुत्रों को रौंदने का प्रयास किया। पीड़ित पक्ष ने घटना से कुछ मिनट पहले ही पुलिस को फोन कर जान बचाने की गुहार लगाई थी, लेकिन कथित तौर पर पुलिसकर्मियों ने फोन काटते हुए कहा कि वे हर विवाद सुलझाने के लिए नहीं बैठे। कुछ देर बाद बोलेरो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता त्रिवेणी रवि और बड़े बेटे राजा बाबू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा करण गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज सूरजपुर के अस्पताल में किया जा रहा है।
घटना होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस
पीड़ित के परिजनों और ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि, यदि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो इस घटना को रोका जा सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि, मृतक परिवार ने बार-बार मदद मांगी, लेकिन थाने ने मामले को हल्के में लिया। अब घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है, और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी राजेंद्र साहू का कहना है कि, दोनों पक्ष एक ही परिवार से जुड़े हैं और थाने में समझौते की बात कही गई थी। इसके बाद ही उन्हें छोड़ा गया था। लेकिन घटना के बाद गंभीर अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft