दुर्ग। राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) में करोड़ों रुपए की संगठित ठगी का बड़ा खुलासा हुआ है। जीवित लोगों को कागजों में मृत दिखाकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और जाली दस्तावेजों के जरिए 1.19 करोड़ रुपए की राशि हड़प ली गई। दुर्ग पुलिस की जांच में इस हाईटेक फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
कैसे हुआ फर्जीवाड़ा?
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि, आरोपियों ने आपराधिक साजिश के तहत जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाकर जाली मृत्यु प्रमाण पत्र, फर्जी आधार कार्ड एवं अन्य KYC दस्तावेजों के माध्यम से बीमा दावा प्रस्तुत किया। एक प्रकरण में सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम से मृत्यु दावा प्रस्तुत किया गया, जबकि संबंधित व्यक्ति जीवित पाए गए। जांच के दौरान जो गड़बड़ियां मिली है, उसमें समान पते का उपयोग करना, अमान्य QR कोड युक्त मृत्यु प्रमाण पत्र, संदिग्ध बैंक खातों के माध्यम से धनराशि का लेन-देन, सत्यापन प्रक्रिया को दरकिनार करना पाया गया है।
मुख्य आरोपी की भूमिका
इस मामले में आरोपी राजेश कनोजिया, निवासी पंचशील सेक्टर-01, बोरसी, दुर्ग, जो दुर्ग क्षेत्र में एक ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करता है, उसके द्वारा NPS निकासी के नाम पर ग्राहकों से आधार, पैन एवं बैंक संबंधी जानकारी प्राप्त कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दावा प्रस्तुत किया जाता था। जांच में यह भी पाया गया कि HDFC LIFE के पूर्व कर्मचारी राजेश कुमार ठाकुर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जाली दस्तावेज अपलोड करने एवं सत्यापन प्रक्रिया को प्रभावित करने में भूमिका निभाई।
गिरफ्तारी एवं जब्ती
मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपी से नगद 10 हजार रुपए, फर्जी दस्तावेजों से संबंधित डिजिटल साक्ष्य जब्त कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि, किसी भी प्रकार की बीमा या पेंशन योजना से संबंधित व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय सतर्क रहें। किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। वित्तीय धोखाधड़ी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft