बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक लूट की बड़ी वारदात सामने आई है, रात के सन्नाटे में कुछ ही मिनटों में सब कुछ बदल गया। घर लौट रहे सराफा व्यापारी की कार को वेन अड़ाकर रोका गया, हथौड़े और पिस्टल के बट से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए गए और करीब एक करोड़ रुपए के जेवर लूटकर बदमाश कार समेत फरार हो गए। राजकिशोर नगर में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद शहर में दहशत का माहौल है। घायल व्यापारी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घर लौटते समय वेन अड़ाकर रोका रास्ता
जानकारी के अनुसार, संतोष तिवारी की बसंत विहार चौक स्थित वालिया कॉम्प्लेक्स में ‘महालक्ष्मी ज्वेलर्स’ नाम से दुकान है। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे वे दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले बदमाशों ने उनकी कार के सामने वेन अड़ाकर रास्ता रोक लिया। कार रुकते ही आरोपियों ने उन पर हथौड़े और पिस्टल के ग्रिप से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से व्यापारी लहूलुहान होकर गिर पड़े।
कार समेत 1 करोड़ के जेवर लेकर फरार
बताया जा रहा है कि, व्यापारी की कार में करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर रखे थे। बदमाश अपनी वेन और बाइक मौके पर छोड़कर व्यापारी की कार लेकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घायल संतोष तिवारी को बहतराई रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर है।
व्यापारी ने किया विरोध, गिरा पिस्टल का मैग्जीन
हमले के दौरान व्यापारी ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया। छीना-झपटी में आरोपी गोली नहीं चला सकें। झूमाझटकी के दौरान पिस्टल का मैग्जीन और दो जिंदा कारतूस सड़क पर गिर गए। कुछ जेवर भी सड़क पर बिखर गए थे। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें लात-घूंसों से पीटकर कार में रखे जेवर लूट लिए और फरार हो गए।
CCTV में कैद वारदात, स्कूटी सवार को धमकाया
घटना पास के मकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाश व्यापारी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक वहां पहुंचा, लेकिन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उसे धमकाया और भगा दिया।
पुलिस ने की घेराबंदी, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही IG रामगोपाल गर्ग मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। CSP निमितेष सिंह ने बताया कि आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बदमाश जिन वाहनों से आए थे, उन्हें मौके पर छोड़ गए हैं। पुलिस उनके रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच कर रही है। आशंका है कि वाहन चोरी के हो सकते हैं। आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर घेराबंदी की गई है।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft