सक्ती। छत्तीसगढ़ में इस समय धान खरीदी का कार्य हो रहा है। इस बीच एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है, जहां तहसील सक्ती में पदस्थ पटवारी राजकुमार आजाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, पटवारी राजकुमार आजाद पर शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण अभियान धान खरीदी वर्ष 2025–26 के कार्यों के समुचित निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप पाए गए है। जांच में सामने आया कि संबंधित पटवारी ने अपने पदीय दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन नहीं किया और उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों की अवहेलना की। इसके अलावा, वे बिना पूर्व अनुमति के अपने पदस्थ कार्यस्थल से अनुपस्थित भी पाए गए, जिससे धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित हुई है।
निलंबन आदेश जारी
जांच में यह तथ्य स्पष्ट हुआ कि, पटवारी द्वारा किया गया आचरण शासकीय सेवा नियमों के विपरीत है। उनके इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा के अंतर्गत कदाचार की श्रेणी में रखा गया है। इसी आधार पर सक्षम प्राधिकारी ने राजकुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि के दौरान पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय सक्ती नियत किया गया है।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इस कार्रवाई को लेकर स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि, धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और यह सीधे तौर पर किसानों के हितों से जुड़ा हुआ विषय है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता या मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि, सभी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समयबद्ध तरीके से करें। जिला प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। यदि भविष्य में भी किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा कार्य में लापरवाही या नियमों की अनदेखी पाई जाती है, तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft