Saturday ,March 07, 2026
होमछत्तीसगढ़सरकंडा में बड़ा हादसा: तालाब की गहराई ने ली दो युवकों की जान...

सरकंडा में बड़ा हादसा: तालाब की गहराई ने ली दो युवकों की जान

 Newsbaji  |  Mar 02, 2026 12:36 PM  | 
Last Updated : Mar 02, 2026 12:36 PM
 तालाब में डूबने से 2 युवकों की मौत के बाद जांच में जुटी पुलिस
तालाब में डूबने से 2 युवकों की मौत के बाद जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 2 युवकों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों अपने दोस्तों के साथ घूमने गए थे, जहां नशे की हालत में हाथ-मुंह धोने के दौरान पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बंधवापारा निवासी हिमांशु चहांदे (21) और देवरीखुर्द निवासी शिवम मानिकपुरी (20) रविवार दोपहर अपने 5 साथियों के साथ खमतराई की ओर घूमने गए थे। सभी अमहा तालाब के किनारे एक पेड़ के नीचे बैठकर शराब पीते हुए बातचीत कर रहे थे। शाम करीब 4:00 बजे हिमांशु और शिवम हाथ-मुंह धोने के लिए तालाब की ओर गए। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में समा गए।

इस तरह हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि, अमहा तालाब से मुरूम निकालने के लिए JCB से लगातार खुदाई की गई है, जिससे तालाब काफी गहरा हो गया है। किनारे से ही गहराई शुरू हो जाती है। नशे की हालत में पानी के पास पहुंचने पर दोनों का पैर फिसल गया और वे सीधे गहरे हिस्से में चले गए। उन्हें तैरना नहीं आता था, जिससे वे खुद को संभाल नहीं सके और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। एक युवक पानी में उतरा, लेकिन उसे भी तैरना नहीं आता था। वह भी डूबने लगा। बाकी दोस्तों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक हिमांशु और शिवम लापता हो चुके थे।

प्रशासनिक लापरवाही
गौरतलब है कि, जिले में तालाब, नदी और खदान में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले 3 वर्षों में इस तरह की घटनाओं में 17 लोगों की जान जा चुकी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft