टिप्पणी। साल 2000 में मध्यप्रदेश की कोख से जन्मा छत्तीसगढ़ आज 25 वर्ष का हो चुका है। एक ऐसा युवा राज्य, जो विकास की नई गाथाएं लिखने को तैयार है। लेकिन अफसोस, इसी धरती पर अब एक नया ज़हर घुलने लगा है। नफरत, विभाजन और वैचारिक असंतुलन का ज़हर।
सोशल मीडिया पर फैल रही बयानबाज़ी और उकसावेभरे संदेश प्रदेश के लोगों के बीच डर और अविश्वास का माहौल बना रहे हैं। यह चिंता का विषय है कि, कहीं यह वैचारिक ज़हर हमारे छत्तीसगढ़ को भीतर से खोखला न कर दें।
प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री अजीत प्रमोद जोगी ने इस नवजात राज्य को भुखमरी और अकाल जैसी परिस्थितियों से बाहर निकालते हुए विकास की नींव रखी। इसके बाद डॉ. रमन सिंह ने लगातार तीन कार्यकाल तक सत्ता संभाली और राज्य को सड़कों, उद्योगों और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी नीतियों से छत्तीसगढ़ ने बाल्यावस्था से किशोरावस्था तक की यात्रा पूरी की।
फिर आए भूपेश बघेल, जिन्होंने गोधन न्याय योजना जैसे प्रयोगों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी। किसानों को बोनस और समर्थन मूल्य देकर उन्होंने जनता का विश्वास जीता। हालांकि, वे विकास की हर कड़ी को जोड़ने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाए, फिर भी उनकी नीतियों ने गांव-गांव में एक पहचान बनाई।
अब सत्ता में हैं विष्णुदेव साय की भाजपा सरकार
लेकिन उनके शासनकाल की शुरुआत ही विवादों और विरोध प्रदर्शनों से हुई। युवाओं द्वारा नग्न प्रदर्शन और बलौदाबाजार अग्निकांड जैसे घटनाक्रमों ने प्रशासनिक स्थिरता पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया। आज छत्तीसगढ़ की राजनीति में छत्तीसगढ़ियावाद, जातिवाद, प्रदेशवाद और देशवाद जैसे नए विभाजन के बीज बोए जा रहे हैं, जो एकता और विकास दोनों के लिए घातक हैं।
25 वर्ष का यह युवा राज्य अभी भी अपनी पहचान गढ़ रहा है। इसलिए ज़रूरत है कि, सरकार और समाज मिलकर इस ज़हर को फैलने से रोकें और विकास, शिक्षा, रोजगार और सद्भाव के रास्ते पर एकजुट होकर आगे बढ़ें। दरअसल, छत्तीसगढ़ सिर्फ एक राज्य नहीं, एक भावना है। इसे नफरत नहीं, विकास की हवा चाहिए।
(इनपुट- संजय राजपूत, लेखक, छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार है।)
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft